अर्णव की तलाश में जंगल का चप्पा-चप्पा खंगाल रही टीमें, ड्रोन से भी रखी जा रही नजर

नैनीताल – सरोवर नगरी के चीना पीक क्षेत्र से लापता युवक अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस कुमार की तलाश में नैनीताल पुलिस और एसडीआरएफ का संयुक्त रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों को अभियान में लगाया गया है। टीमें चीना पीक के घने और दुर्गम जंगलों में लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, अर्णव कुमार सिंह अपने साथियों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। 6 नवंबर 2026 को चीना पीक घूमने के दौरान शाम करीब पांच बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। उनके लापता होने की सूचना के बाद से ही विभिन्न विभागों की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।

एसएसपी के निर्देश पर बड़े स्तर पर सर्च अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन, सीओ नैनीताल अंजना नेगी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस की रेस्क्यू टीमें जंगल के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान चला रही हैं।

इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश जोशी सहित थाना पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों की मदद से क्षेत्र में सघन सर्च एवं कॉम्बिंग की जा रही है। दुर्गम रास्तों और घने जंगलों को ध्यान में रखते हुए टीमें हर संभावित स्थान की जांच कर रही हैं।

पुलिस ने आमजन से मांगी मदद

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को लापता युवक अर्णव कुमार सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उनकी तलाश में मदद मिल सके।

सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:

  • कोतवाली मल्लीताल: 05942-2352424
  • प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल: 9411112869
  • पुलिस कंट्रोल रूम नैनीताल: 9411112979

पुलिस का कहना है कि युवक की सकुशल बरामदगी के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों के साथ सर्च अभियान जारी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें