हल्द्वानी – ब्लॉक सभागार हल्द्वानी में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट ने किया। सेवा संकल्प सप्ताह के तहत आयोजित शिविर में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी की।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 24 स्टॉल लगाए गए, जहां केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया। शिविर में कुल 467 लोगों को सीधे तौर पर लाभान्वित किया गया।
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए चेक वितरित
रीप परियोजना के तहत 16 महिला लाभार्थियों को कुल 6.15 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इनमें 15 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 35-35 हजार रुपये तथा एक महिला उद्यमी को 90 हजार रुपये का चेक समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रदान किया गया।
इसके अलावा तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गईं।
288 शिकायतें मिलीं, 268 का मौके पर समाधान
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 288 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। इनमें से 268 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिन मामलों का समाधान शासन स्तर से होना है, उन्हें संबंधित विभागों के माध्यम से शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल, विद्युत, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, पेंशन समेत जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और देश ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी अहम होगी।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को एक ही मंच पर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से गांव-गांव से आने वाले लोगों की समस्याओं को एक मंच पर सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों ने दी सेवाएं
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 132 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं। विद्युत विभाग ने 13 विद्युत कनेक्शन से संबंधित कार्यों के साथ विद्युत लाइनों की मरम्मत कराई। समाज कल्याण विभाग ने 16 लोगों को विधवा, दिव्यांग आदि पेंशन से संबंधित प्रपत्र उपलब्ध कराए।
कृषि विभाग ने 23 लोगों को कृषि यंत्र एवं दवाओं की जानकारी व वितरण किया। उद्यान विभाग ने 14 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने 21 लोगों को दवाएं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। श्रम विभाग ने 17 श्रम आवेदन प्रपत्र वितरित किए, जबकि आयुष विभाग ने 22 लोगों को औषधियां वितरित कीं।
राजस्व विभाग ने ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र समेत विभिन्न विषयों की जानकारी दी। केनरा बैंक की ओर से ऋण योजनाओं और बैंक की अन्य सुविधाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।
29 सितंबर को भीमताल में लगेगा शिविर
शिविर के नोडल अधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को भीमताल ब्लॉक में सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, दर्जा मंत्री मोहन पाठक, कनिष्ठ प्रमुख कमल भंडारी, ज्येष्ठ प्रमुख वीरेंद्र मेहरा, पार्षद विनय पांडे, नवीन भट्ट, हिमांशु, कमल जोशी, चंद्रप्रकाश, ग्राम प्रधान हरेंद्र, ललित सनवाल, एसडीएम मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।











