महिलाओं और बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर, ‘आंगन का मिलन’ आयोजित

कालाढूंगी – कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के जयपुर पाडली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने सहभागिता की। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और महालक्ष्मी किट वितरण सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।

इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सेवा ही संकल्प’ और ‘अंत्योदय’ के भाव से प्रेरित होकर सरकार जनसेवा के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने महिलाओं और अभिभावकों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक पोषण एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना महत्वपूर्ण है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें