श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेवा में डटी रही पुलिस, महोत्सव के बाद हुआ सम्मान समारोह

नैनीताल – ऐतिहासिक माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में नैनीताल पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा खोया-पाया व्यवस्था में पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए श्री राम सेवक सभा एवं मंदिर समिति की ओर से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस ने महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएं कीं। पुलिसकर्मी लगातार विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर भीड़ और यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे। इसके साथ ही पार्किंग, कानून-व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

बिछड़े बच्चों और बुजुर्गों को परिवार से मिलाया

महोत्सव के दौरान पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रही। पुलिसकर्मियों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिजनों से बिछड़े बच्चों एवं बुजुर्गों को सकुशल उनके परिवारों से मिलाया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के खोए हुए मोबाइल फोन, पर्स, नगदी, चाबी, बैग सहित अन्य सामान को बरामद कर सत्यापन के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया।पुलिस की इस पहल से श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिली और पुलिस-जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ।

बेहतर समन्वय से सुचारू रहा महोत्सव

महोत्सव के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यकता के अनुसार तत्काल निर्णय लेते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू कराया। मेला समिति, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, विभिन्न विभागों और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की गई।

श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने नैनीताल पुलिस की सजगता, अनुशासन, त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय एवं जनसेवा की भावना की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस की सक्रिय भूमिका के चलते महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का किया सम्मान

सम्मान समारोह में श्री राम सेवक सभा, मंदिर समिति एवं व्यापार मंडल की ओर से अध्यक्ष मनोज शाह, उपाध्यक्ष अशोक शाह, महासचिव जगदीश बलवाड़ी, प्रबंधक विमल चौधरी, कोषाध्यक्ष विनय चौधरी, पूर्व महासचिव देवेंद्र लाल शाह, सदस्य एडवोकेट मनोज शाह, प्रो. ललित तिवाड़ी, हरीश राणा, मोहित लाल साह, कैलाश जोशी, संदीप साह, कार्यकर्ता वीरेंद्र मेहरा एवं आनंद बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महोत्सव के सफल आयोजन में किए गए योगदान के लिए सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, मेला चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील बिष्ट, एसआई दिनेश जोशी, पीआरओ हेमा ऐठानी एवं एसआई संजीत राठौड़ सहित ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें