हल्द्वानी – आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में लिंगदोह समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन और छात्रसंघ चुनाव के संभावित प्रत्याशी शामिल हुए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर आयोजित बैठक में सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह समिति के निर्धारित नियमों और विश्वविद्यालय की चुनाव संबंधी निर्देशिका का गंभीरता से अध्ययन करने तथा उसका अक्षरश: पालन करने को कहा गया। पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी रोक
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज में अध्ययनरत नहीं होने वाले किसी भी बाहरी व्यक्ति का परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, कॉलेज के छात्रों को भी बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अनुमति के बाद ही प्रचार
कॉलेज परिसर में प्रचार-प्रसार या किसी कार्यक्रम के आयोजन के लिए कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का प्रचार या कार्यक्रम आयोजित करने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रिंटेड पोस्टर पर प्रतिबंध
लिंगदोह समिति के नियमों के तहत कैंपस अथवा उसके बाहर किसी भी प्रकार के प्रिंटेड पोस्टर लगाने पर रोक रहेगी। प्रचार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर और पंपलेट का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा।
रैली और रात में प्रचार पर भी सख्ती
कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी प्रकार की रैली आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा रात के समय कॉलेज परिसर में घूमने अथवा प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों को छात्र गतिविधि के बजाय आम नागरिक के कृत्य के रूप में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशियों को दी गई नियमावली
बैठक में मौजूद सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह समिति तथा विश्वविद्यालय की ओर से जारी चुनाव संबंधी निर्देशिका वितरित की गई। प्रत्याशियों से निर्देशिका प्राप्त करने के संबंध में हस्ताक्षर भी करवाए गए, ताकि चुनाव के दौरान नियमों को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति न रहे।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एबी बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, छात्रसंघ प्रभारी डॉ. एलएम पांडे, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार समेत पुलिस-प्रशासन और कॉलेज के अधिकारी तथा विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी मौजूद रहे।











