पढ़ाई के बाद रोजगार की राह, छात्राओं को बताए सरकारी योजनाओं और पोर्टल के विकल्प

भीमताल/नैनीताल – इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर विकल्प चुनने के लिए छात्राओं को मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल में एक दिवसीय करियर काउंसिलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं से 12वीं तक की 118 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के विकल्पों और रोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया ने छात्राओं को करियर चयन को लेकर मार्गदर्शन दिया और उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुसार उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा की।

CLAT से लेकर NEET और JEE तक की जानकारी

कार्यक्रम में छात्राओं को CLAT, NEET, JEE, अग्निवीर, NDA, होटल मैनेजमेंट, पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा और CUET समेत विभिन्न प्रवेश एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली विभिन्न परीक्षाओं और उनके लिए आवश्यक तैयारी के बारे में भी बताया गया।

छात्राओं को नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि ऑनलाइन माध्यम से रोजगार, करियर मार्गदर्शन और विभिन्न अवसरों से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है।

सरकारी योजनाओं और विदेश रोजगार की भी जानकारी

जिला सेवायोजन अधिकारी ने विभागीय योजनाओं, विदेश रोजगार प्रकोष्ठ और रोजगार प्रयाग पोर्टल के बारे में भी छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही समय पर करियर विकल्पों की जानकारी मिलने से विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप बेहतर दिशा चुन सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को इंटरमीडिएट के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए योजनाबद्ध तैयारी करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल की प्रधानाचार्या ईला कैड़ा, लता पंत तथा जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल से शंकर लाल समेत विद्यालय की छात्राएं मौजूद रहीं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें