CM से मुलाकात से पहले पुलिस ने घेरा, स्वास्थ्य मुद्दों पर ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसियों को हिरासत

रुद्रपुर – जिला मुख्यालय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से अवगत कराने तथा ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिटी क्लब के पास हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सिटी क्लब में मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया और कांग्रेसियों को घेर लिया। पुलिस ने ठुकराल समेत कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश पंत, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, दिनेश कोली, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा और सुनील चुघ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से मौके से रवाना कर दिया।

हिरासत में लेने पर कांग्रेसियों का विरोध

पुलिस की कार्रवाई से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति से उन्हें अवगत कराने के लिए ज्ञापन देने पहुंचे थे।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे जनता की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों में रेफर किया जा रहा है।

‘जिला अस्पताल बनकर रह गया रेफर सेंटर’

ठुकराल ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल लंबे समय से महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। चिकित्सकों की पर्याप्त तैनाती नहीं होने के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का खामियाजा आम मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अब तक कक्षाएं शुरू न होने का मुद्दा भी उठाया। ठुकराल ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है और कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें