कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्राओं में दहशत, तबीयत बिगड़ने और चीखने के बाद ‘भूत-प्रेत’ की अफवाह ने मचाया हड़कंप

हल्द्वानी – बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्रा के अचानक चीखने-चिल्लाने के बाद स्कूल में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते परीक्षा दे रही छात्राओं में डर का माहौल बन गया और कई छात्राएं घबराकर रोने लगीं। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर छात्राओं को शांत कराया और बाद में स्कूल में छुट्टी कर दी।

जानकारी के अनुसार कॉलेज में सोमवार को कक्षा 10वीं और 11वीं की छात्राओं का यूनिट टेस्ट चल रहा था। इसी दौरान एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसी बीच एक छात्रा अचानक चीखने-चिल्लाने लगी। छात्रा को इस तरह देखकर आसपास बैठी अन्य छात्राएं भी घबरा गईं।

अफवाह से परीक्षा कक्ष में मची दहशत

एक छात्रा के चीखने की घटना के बाद कॉलेज में देखते ही देखते यह अफवाह फैल गई कि स्कूल में भूत-प्रेत का साया है। अफवाह के चलते परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत फैल गई और कुछ छात्राएं रोने लगीं। इससे परीक्षा कक्षों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया। छात्राओं को शांत कराने के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी।

स्कूल प्रबंधन ने अफवाह को बताया निराधार

स्कूल की प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की बात सामने आई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूत-प्रेत की बात महज अफवाह है और ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। स्कूल प्रशासन ने स्थिति को संभालने के बाद छात्राओं को सुरक्षित घर भेज दिया।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ समय तक चर्चा का माहौल बना रहा, हालांकि स्कूल प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें