पहले पूछा रास्ता, फिर झपटी सोने की चेन; 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से वारदात सीसीटीवी में कैद

 

देहरादून – वसंत विहार फेज-2 में स्कूटी सवार युवक ने रास्ता पूछने के बहाने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को रोककर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। चेन झपटने के दौरान आरोपी ने महिला को धक्का भी दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वसंत विहार फेज-2 निवासी विकास मित्तल की मां राजरानी मित्तल 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे रोजाना की तरह घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगा।

महिला युवक को रास्ता बताने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने बातचीत के बीच अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद आरोपी ने महिला को धक्का दिया और स्कूटी से मौके से फरार हो गया। अचानक हुई घटना से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना के बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात सामने आई। फुटेज में आरोपी स्कूटी से महिला के पास पहुंचता और रास्ता पूछने के बाद चेन झपटकर भागता दिखाई दे रहा है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी, चेन बरामद करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें