हल्द्वानी – दमुवाढूंगा क्षेत्र का रकसिया नाला बारिश के बीच शनिवार रात उफान पर आ गया। तेज बहाव के बीच नाला पार करने का प्रयास कर रहा एक बाइक सवार बह गया। हालांकि, बाइक नाले में फंस जाने से युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के वार्ड संख्या-36 दमुवाढूंगा में सरदार की कोठी के पास शिव मंदिर के सामने शनिवार रात बारिश के चलते रकसिया नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान बाइक सवार तनिष्क तिवारी नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। तेज बहाव की चपेट में आते ही बाइक बहने लगी और तनिष्क भी पानी के साथ बह गए।
हालांकि, कुछ दूरी पर बाइक नाले में फंस गई, जिससे तनिष्क को संभलने का मौका मिल गया और वह किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
बारिश में हर साल बढ़ता है खतरा
वार्ड पार्षद तनुजा जोशी ने बताया कि बरसात के मौसम में रकसिया नाला अक्सर उफान पर आ जाता है। तेज बहाव के कारण यहां दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से नाले पर स्थायी पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।
पार्षद का कहना है कि क्षेत्र में आवाजाही के लिए सुरक्षित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थायी पुलिया बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि भविष्य में इस तरह के हादसों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।











