रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर की चपेट में आई बाइक; महिला की मौत

रुद्रपुर – एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास रिंग रोड अंडरपास में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय गुलाफसा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति फरीद गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार करीब पांच वर्षीय बच्चा हादसे में बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार गदरपुर के वार्ड नंबर नौ इस्लामनगर निवासी फरीद अपनी पत्नी गुलाफसा और बच्चे के साथ बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास रिंग रोड अंडरपास में पहुंचे, पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि गुलाफसा सड़क पर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फरीद गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की सूचना पर दिनेशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद रिंग रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई। बाद में पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए मार्ग को सुचारु कराया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें