हर पात्र मतदाता को मिलेगा अधिकार, एसआईआर-2026 पर प्रशासन ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

नैनीताल – विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर-2026) अभियान के तहत जनपद नैनीताल में निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में दर्ज सभी विवरणों का विशेष सत्यापन किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

उन्होंने बताया कि आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जा चुकी है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 निर्धारित है, जबकि सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 11 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद नैनीताल में वर्तमान प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें जारी किए गए 2,35,085 नोटिसों के सापेक्ष अब तक 1,51,084 नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की पहचान की गई है। जनपद में 1,88,054 विसंगति (Anomaly) तथा 47,031 ‘नो मैपिंग’ श्रेणी के प्रकरण चिन्हित किए गए हैं। इन सभी मामलों में संबंधित निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच एवं सुनवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया हो अथवा नाम, पता, आयु, फोटो या अन्य विवरण में त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि के भीतर प्रपत्र-6, 7 अथवा 8 के माध्यम से दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, उपजिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें