‘मिलावट पर जीरो टॉलरेंस’— त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का व्यापक निरीक्षण अभियान

नैनीताल – आगामी रक्षाबंधन और श्रावण मास को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में कोटाबाग स्थित राजीव गांधी आवासीय नवोदय विद्यालय एवं आसपास के बाजारों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के डाइनिंग हॉल, किचन और खाद्य भंडार का गहन निरीक्षण किया गया। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और रखरखाव संतोषजनक पाया गया। प्रयोगशाला परीक्षण के लिए रिफाइंड सोया तेल, सरसों का तेल, सूजी, गरम मसाला पाउडर और सब्जी मसाला पाउडर सहित कुल पांच खाद्य नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए।

जांच के दौरान किचन में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेयजल की गुणवत्ता रिपोर्ट तथा एफएसएसएआई लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी नियमानुसार पाए गए। विभागीय अधिकारियों ने मैस प्रभारी ए.ए.एस.एस. रावत एवं मैस मैनेजर को स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कालाढूंगी क्षेत्र के बजूनिया हल्दू, पतालिया, स्यात और कोटाबाग में स्थित एक दर्जन से अधिक किराना एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि रक्षाबंधन और श्रावण मास के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में मिलावटी या मानकविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो तो तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें