नीट पेपर लीक के विरोध में श्रमिक संयुक्त मोर्चा का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रुद्रपुर – नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में बुधवार को श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधमसिंह नगर के बैनर तले गांधी पार्क में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

कार्यक्रम की शुरुआत कथित तौर पर नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़े तनाव के कारण जान गंवाने वाले 21 छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और दो मिनट का मौन रखकर की गई।

इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियां इन घटनाओं को रोकने में विफल रही हैं, जिससे विद्यार्थियों में निराशा और तनाव का माहौल बना है।

सभा में वक्ताओं ने 20 जुलाई को छात्रों द्वारा किए गए संसद मार्च का भी उल्लेख करते हुए प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई गई।

प्रदर्शन को श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधमसिंह नगर के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, सीएसटीयू के महासचिव मुकुल श्री, इंकलाबी मजदूर केंद्र के कैलाश भट्ट, धीरज जोशी, हरीश मौर्य, ठाकुर सिंह, मनीष, सौरभ, हिरदेश शाक्य, संदीप कुमार, हरेंद्र सिंह, किसान नेता परविंदर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अंजार अहमद तथा उज्ज्वल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में मोर्चा के महासचिव चंद्र मोहन लखेड़ा, दलजीत सिंह, विजय कुमार, लोकेश पाठक, यशवीर राणा, गुणवंत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें