औचक निरीक्षण में खुली विभागीय कार्यशैली की पोल, अधिकारियों से मांगा जवाब

भीमताल – मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने बुधवार को भीमताल स्थित शिक्षा विभाग, होम्योपैथी कार्यालय और स्वजल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों में कार्यों में शिथिलता, अनियमितताएं और साफ-सफाई संबंधी खामियां सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया, जबकि अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग के निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी ने पाया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार के पोर्टलों पर अतिथि शिक्षकों से संबंधित कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं किए गए हैं। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी पाया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी पोर्टल के माध्यम से कार्यों का नियमित अनुश्रवण नहीं कर रहे हैं तथा जिला योजना से संबंधित कार्यों की प्रक्रिया भी अब तक शुरू नहीं की गई है।

इन अनियमितताओं पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा तथा कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भी भेजी जाएगी।

इसके बाद उन्होंने स्वजल कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने कार्यालय परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा नगरपालिका द्वारा लगाए गए कूड़ेदान को वहां से हटाने के निर्देश दिए।

होम्योपैथी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें