गंदगी और जलभराव पर निगम सख्त, ट्रांसपोर्ट नगर में होगा दवा का छिड़काव

हल्द्वानी – प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के अनुरोध पर मंगलवार को मेयर गजराज बिष्ट और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने ट्रांसपोर्ट नगर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों ने जलभराव, बंद नालियों और गंदगी सहित विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट और ट्रांसपोर्ट नगर प्रभारी अश्मित गुजराल ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की अधिकांश नालियां बंद पड़ी हैं, जिससे पानी सड़कों पर भर रहा है और पूरे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिससे व्यापारियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने बताया कि बरसात के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर पानी भरकर तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। कई बार पानी दुकानों के भीतर घुसने से व्यापारियों का सामान भी खराब हो जाता है। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर की ड्रेनेज व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई और नगर निगम से क्षेत्र में नियमित रूप से दवा का छिड़काव कराने की मांग की।

समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मेयर गजराज बिष्ट ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को बंद नालियों की तत्काल सफाई कराने, जल निकासी व्यवस्था सुधारने तथा पूरे क्षेत्र में दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, ट्रांसपोर्ट नगर प्रभारी अश्मित गुजराल, विशाल जुनेजा, राजेश साहू, प्रभजोत चंडोक, भवानी शंकर जोशी, अंकित ऐरी, हरीश भंडारी, योगेंद्र बिष्ट, शुभम साह, कमल रुबाली, शेर सिंह मेहरा, रोहित साह, विक्की संधू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें