मंदिर परिसर में दोहरा हत्याकांड, एसपी देहात ने लिया घटनास्थल का जायजा

हरिद्वार – जनपद के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधु संदेह के घेरे में हैं, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी लापता हैं तथा उनके साथ अनहोनी की आशंका है। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया। पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधुओं पर संदेह जताया गया है। घटना के बाद से तीनों फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। फरार संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें