दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की मुहिम, अल्मोड़ा में सफल रहा चिकित्सा शिविर

अल्मोड़ा – ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति द्वारा उत्तरायण फाउंडेशन के सहयोग से अल्मोड़ा में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं औषधीय मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर के दौरान रोगियों को आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास भी कराया गया। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया तथा उन्हें योगा मैट भी वितरित किए गए।

शिविर में वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. के.पी. कुनियाल, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना कुनियाल, चीफ फार्मेसी अधिकारी राजेंद्र सिंह भोज, डॉ. लोकेश टम्टा तथा सहयोगी हयात सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया, जबकि जरूरतमंद मरीजों की सफल सर्जरी भी की गई, जिससे उन्हें राहत मिली।

आयोजकों ने बताया कि ज्योति जन स्वास्थ्य सेवा समिति एवं उत्तरायण फाउंडेशन का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, आयुर्वेद एवं योग को बढ़ावा देना तथा जनस्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

शिविर के समापन पर स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता जताई।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें