रुद्रपुर – प्रदेश सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत लालपुर स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में 468 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि तीन शिकायतें प्राप्त हुईं और सभी का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष कैप्टन (सेनि.) गम्भीर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से विभागीय स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी लेने और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने इसे सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पांच बच्चों का अन्नप्राशन तथा पांच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपी एवं पुस्तकें उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा 84 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान की गई। आयुष विभाग ने 50 लोगों तथा होम्योपैथी विभाग ने 32 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। पशुपालन विभाग ने 45 पशुपालकों को पशुओं के लिए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 369 लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में समाज कल्याण, पूर्ति, उद्योग, उरेडा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, डेयरी, ग्राम्य विकास, मत्स्य, पंचायतीराज और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही आवेदन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि विपिन जलहोत्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष बलबिंदर कौर, सभासद रजनी यादव, लखवीर सिंह, रोहित कुमार, शिव प्रकाश तिवारी, मनप्रीत कौर, राजेश कश्यप, अमृत पाल, बलजीत सिंह, जग्गू सिंह, नोडल अधिकारी एवं सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, अधिशासी अधिकारी गीता चंद्रा, उद्यान निरीक्षक कविता भाटिया, मत्स्य निरीक्षक सोनू भंडारी, शिक्षा विभाग से विद्या उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











