स्मार्ट मीटर के खिलाफ हल्द्वानी में उग्र विरोध, खून से लिखी मुख्यमंत्री को चिट्ठी

हल्द्वानी – स्मार्ट बिजली मीटरों के विरोध में बुधवार को हल्द्वानी में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। वार्ड-27 के पार्षद रोहित कुमार के नेतृत्व में पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट परिसर तक विरोध मार्च निकालकर स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्मार्ट बिजली मीटर हटाने, बढ़े हुए बिजली बिलों को माफ करने तथा जांच पूरी होने तक विवादित बिजली बिलों की वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना था कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक बढ़े हुए बिजली बिलों की वसूली रोकी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद जारी बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें माफ किया जाए, स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर दोबारा लगाए जाएं तथा जांच पूरी होने तक किसी भी उपभोक्ता से विवादित बिजली बिल की वसूली न की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस मामले में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में पार्षद हेमंत कुमार मोना, सलीम सैफी, सलमान सिद्दीकी, रईस अहमद गुड्डू, समीर अंसारी, पार्षद प्रतिनिधि मुकीम सैफी, नदीम सैफी, जकरिया पठान, शरीफ अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें