गरमपानी – बेतालघाट विकासखंड के सिमलखा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार बेतालघाट ब्लॉक के ग्राम सिमलखा निवासी विशाल जलाल (19) पुत्र आनंद सिंह गुरुवार को कोसी नदी पार कर रहा था। इसी दौरान नदी में उसका पैर फिसल गया और तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में डूब गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाया और पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।
संयोगवश उसी क्षेत्र में राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल के तहत एसडीआरएफ की टीम मौजूद थी। सूचना मिलते ही टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के जवानों ने युवक को नदी से बाहर निकाला और अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
खैरना चौकी प्रभारी सतीश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत कोसी नदी में डूबने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
युवक की असमय मौत से सिमलखा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।











