सगे भाई को लहूलुहान कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त ब्लेड बरामद

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने सगे भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को हीरानगर जेल रोड निवासी बसन्ती कार्की पत्नी स्वर्गीय भवान सिंह कार्की ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि उनके छोटे पुत्र दीपक कार्की उर्फ दीपू ने अपने बड़े भाई प्रेम कार्की पर धारदार ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या-214/2026 धारा 190(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 30 जून 2026 को आरोपी दीपक कार्की उर्फ दीपू (39 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय भवान सिंह कार्की, निवासी हीरानगर जेल रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दाढ़ी बनाने वाली ब्लेड भी बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हीरानगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज टम्टा एवं कांस्टेबल राहुल यादव शामिल रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार के गंभीर अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें