अजय भट्ट बोले— अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

हल्द्वानी। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा उत्तराखंड सरकार के “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखण्ड हल्द्वानी में बहुउद्देशीय शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाकर सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पंचायती राज विभाग ने परिवार रजिस्टर की पांच प्रतियां ऑनलाइन जारी कीं, जबकि ग्राम विकास विभाग द्वारा 18 बीपीएल एवं एसईसीसी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आधार कार्ड से संबंधित 23 अपडेशन कार्य संपन्न किए गए तथा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से विभिन्न विभागों के 13 आवेदन ऑनलाइन अपलोड किए गए।

शिविर के दौरान कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इससे आमजन को तत्काल राहत मिली और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सका।

बाल विकास विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं, जबकि सहकारिता विभाग ने बिना ब्याज ऋण योजना के अंतर्गत छह लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक प्रदान किए।

अपने संबोधन में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1962 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं के उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर पशु चिकित्सा सेवाएं एवं विभागीय वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे पशुपालकों को समय पर सहायता मिल रही है।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, दर्जा राज्य मंत्री मोहन पाठक, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, विधायक प्रतिनिधि अक्षय, मंडल महामंत्री नवीन भट्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनीष भट्ट, ग्राम प्रधानों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति एवं नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। इसके साथ ही बहुउद्देशीय शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें