रुद्रपुर – शहर में आयोजित चतुर्थ श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम बन गया। इंडियन गैस एजेंसी के समीप आयोजित विशाल संकीर्तन महोत्सव में भजन गायकों की मधुर प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी भारत भूषण चुघ, श्री श्याम मित्र मंडली एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि भगवान की भक्ति मनुष्य के जीवन के दुःखों को दूर कर उसे सही मार्ग दिखाती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ धर्म और आध्यात्म को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
महोत्सव के दौरान अखंड ज्योति, भव्य दरबार, दिव्य दर्शन, अलौकिक श्रृंगार, फूलों की होली, छप्पन भोग, श्री श्याम रसोई एवं इत्र वर्षा जैसे विशेष आकर्षणों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
संकीर्तन में रुद्रपुर के भजन गायक अनिलेश राम, पीलीभीत से सुजीत हीरा तथा सूरतगढ़ से आईं भजन गायिका वैष्णवी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “हम बाराती बाबा दूल्हा बनने वाला है”, “कृपा कर बाबा कीर्तन करवाओ”, “तू मेरा मैं तेरा बाबा”, “तेरे घर आया मैं आया तुझे मिलने” और “आ रहा हूं बाबा, हार रहा हूं बाबा, पर तुझ पर भरोसा है” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम मित्र मंडली द्वारा समाजसेवी भारत भूषण चुघ सहित कई गणमान्य लोगों को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, दिवंगत सेवादार स्वर्गीय पवन अरोड़ा को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
महोत्सव में महंत मनीष सलूजा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पारस चुघ, मोहन खेड़ा, योगेश ग्रोवर, सनी पाहवा, गुंजन जुनेजा, विजय अरोड़ा, अजय सैनी, राजा सहनी, राहुल कुमार, प्रेम अरोड़ा, गुलशन चावला, चंद्र प्रकाश चुघ, दीपक ढींगरा, ग्राम प्रधान मनदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संकीर्तन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।










