पारदर्शिता और सुरक्षा पर फोकस, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ने हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुपालन का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास पंजिका, अभिलेखों के रख-रखाव तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान वेयरहाउस परिसर की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की गई।

निरीक्षण में सुरक्षा एवं भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को भविष्य में भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था एवं मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की प्रक्रिया की जानकारी दी गई, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखा जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें बसपा से जगदीश कुमार टम्टा, भाजपा से दिनेश खुल्वे तथा कांग्रेस से संजू उप्रेती, हरिश्चंद्र और मनोज शर्मा शामिल रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें