अग्निकांडों से सबक, अब होटल और गेस्ट हाउसों की हो रही सघन जांच

हल्द्वानी – जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए गठित संयुक्त समिति ने गुरुवार को हल्द्वानी एवं काठगोदाम क्षेत्र स्थित विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण अभियान में राजस्व, अग्निशमन, पर्यटन तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान होटल कुटुम्ब (नैनीताल रोड), होटल इमपिरियो (नैनीताल रोड), होटल रेडियम (काठगोदाम) तथा एन.जेड. गेस्ट हाउस (काठगोदाम) का स्थलीय निरीक्षण किया गया। टीम ने प्रतिष्ठानों में अग्निशमन विभाग द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी), अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन हेतु जल उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की।

संयुक्त समिति ने संबंधित प्रतिष्ठानों के अभिलेखों का परीक्षण करते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां एवं अभिलेखीय त्रुटियां पाई गईं, जिसके चलते मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि दो होटलों का पर्यटन विभाग में आवश्यक पंजीकरण नहीं कराया गया था। इस पर पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मानकों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक मानकों के अनुपालन की जांच के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

प्रशासन का कहना है कि जनहित एवं पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी है तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें