अनियंत्रित कार बनी मौत का कारण, मसूरी में चार लोगों की मौत

देहरादून/मसूरी – उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। झड़ीपानी रोड स्थित कोल्हुखेत क्षेत्र में दिल्ली नंबर की एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार सवार चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले कार सवारों ने समीप स्थित एक दुकान से सामान खरीदा था। बताया जा रहा है कि वाहन में बैठने के बाद तीव्र ढलान पर कार अचानक तेज गति से आगे बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे स्थित खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों ने दुर्गम खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

हादसे में मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत (हरियाणा), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें