फायर एनओसी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज, कई प्रतिष्ठान रडार पर

हल्द्वानी – हल्द्वानी में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आग की इस घटना में जहां लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था, वहीं दो लोगों की दर्दनाक मौत ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। घटना के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश देने के साथ ही शहर के बड़े गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच के निर्देश जारी किए थे।

प्रशासन, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां पाए जाने पर अब तक पांच बड़े गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया जा चुका है।

अधिकारियों के अनुसार शहरभर में गोदामों, व्यावसायिक भवनों और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, अग्निशमन प्रणाली तथा अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है। जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें नोटिस जारी करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि हाल की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जनपद में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें