हल्द्वानी/नई दिल्ली – दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस आयुक्त से दूरभाष पर वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी तरह तथ्यों, साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर की जानी चाहिए, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
इस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा और जांच पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
अजय भट्ट ने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर सभी को पूरा विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष मानने का निर्णय केवल जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होना चाहिए। सत्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगा तथा न्याय अवश्य सुनिश्चित होगा।
सांसद ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में निवास कर रहे प्रवासी उत्तराखंडवासियों के हितों, सम्मान और सुरक्षा के प्रति वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर हर स्तर पर उत्तराखंडवासियों का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए मामले की सच्चाई सामने लाएंगी और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप उचित कार्रवाई की जाएगी।











