भवाली के मेडिकल स्टोरों पर प्रशासन की पैनी नजर, नियमों के पालन के दिए निर्देश

भवाली। माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में तथा जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल प्रशांत जोशी के निर्देशन में “सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत भवाली में मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दवाओं की गुणवत्ता, एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव तथा औषधि संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

अभियान के तहत सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल पारुल थपलियाल, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना तथा अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने भवाली क्षेत्र के नौ मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी दवाओं की उपलब्धता, दवाओं के भंडारण, बिक्री संबंधी अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। मौके पर पाई गई अनियमितताओं के आधार पर चार मेडिकल स्टोर संचालकों को चार दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसका क्रय-विक्रय तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया।

निरीक्षण टीम ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नियमानुसार कैश मेमो का संधारण करने, एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग लेबलयुक्त बॉक्स बनाने, प्रत्येक ग्राहक को बिल उपलब्ध कराने, एक्सपायरी दवाओं का सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सुरक्षा एवं निगरानी के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से संचालित रखने को भी कहा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें