लोक भवन में सांस्कृतिक एकता का उत्सव, तेलंगाना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

नैनीताल – लोक भवन, नैनीताल में मंगलवार को तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में अध्ययनरत तेलंगाना के विद्यार्थियों से संवाद किया और राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्तराखंड में अपने अनुभव साझा करते हुए यहां की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और प्राकृतिक वातावरण की सराहना की। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके शैक्षणिक अनुभवों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा, वनों और वन्य जीवों के लिए पूरे देश में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधता और विकासोन्मुख दृष्टिकोण उसे देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करते हैं। पर्यटन, कृषि, तकनीकी और साइबर क्षेत्र में तेलंगाना द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां देश के लिए प्रेरणादायक हैं।

राज्यपाल ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें तेलंगाना से विशेष आत्मीय जुड़ाव है। सैन्य सेवा के दौरान उन्हें लगभग तीन वर्षों तक तेलंगाना में कार्य करने का अवसर मिला, जिससे वहां की संस्कृति, परंपराओं और लोगों को निकटता से जानने का अवसर प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को समझना और राज्यों के बीच आपसी संवाद एवं सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ावा देना है। भारत की “विविधता में एकता” की भावना ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संकल्प राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच आपसी समझ, भाईचारे और राष्ट्रीय एकात्मता को बढ़ावा देते हैं, जो एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में सहायक हैं।

कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रो. डी.एस. मूर्ति सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें