पोक्सो मामले में फरार आरोपी की तलाश खत्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी – महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के मामले में पिछले करीब दो माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली काठगोदाम में दर्ज एफआईआर संख्या 42/2026, धारा 64(2)(एम) बीएनएस एवं 5(एल)/6 पोक्सो एक्ट में नामजद आरोपी मिथुन उर्फ मिथुन चौधरी की तलाश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी मूल रूप से पश्चिमी चंपारण, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में जयदेवपुर, थाना मुखानी क्षेत्र में रह रहा था।

काठगोदाम पुलिस और एसओजी सर्विलांस टीम द्वारा तकनीकी एवं मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 मई 2026 को जयदेवपुर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक और कांस्टेबल भानू प्रताप ओली (एसओजी) शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें