हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनपद नैनीताल के भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़े नलकूपों और हैंडपंपों को शीघ्र ठीक कराने को कहा।
लोक निर्माण विभाग को ग्रामीण एवं संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने तथा विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।










