खटीमा की बेटी ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर बढ़ाया देश का गौरव

खटीमा – उत्तराखंड की बेटियां लगातार देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में खटीमा की बेटी तिला सेन ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर नया इतिहास रच दिया है। आईटीबीपी की महिला पर्वतारोही टीम का हिस्सा रहीं तिला सेन ने 21 मई को 8,848 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।

जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुए इस विशेष अभियान में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। नेपाल के कठिन साउथ कोल रूट से चढ़ाई करते हुए टीम ने साहस, अनुशासन और अदम्य हौसले का परिचय दिया। कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने सफलतापूर्वक एवरेस्ट शिखर तक पहुंचकर तिरंगा लहराया।

खटीमा के चारूबेटा निवासी तिला सेन की इस उपलब्धि से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता मदनलाल, माता विजय लक्ष्मी और परिजनों ने बेटी की सफलता पर गर्व जताया।

तिला सेन के भाई और आईटीबीपी जवान योगेंद्र कुमार ने बताया कि तिला वर्ष 2021 में आईटीबीपी में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थीं। वर्तमान में वह 36वीं वाहिनी लोहाघाट, चंपावत में तैनात हैं।

उन्होंने बताया कि तिला ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चारूबेटा से प्राप्त की। इसके बाद जीजीआईसी खटीमा से इंटरमीडिएट तथा खटीमा से ही पॉलीटेक्निक की पढ़ाई पूरी की। तिला दो भाइयों और पांच बहनों में चौथे स्थान पर हैं।

तिला सेन की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोगों ने बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनकी सफलता से खटीमा समेत पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें