सफाई कर्मियों को समय पर वर्दी, स्वास्थ्य सुविधा और योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

नैनीताल – राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल में जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों की समस्याओं की समीक्षा की।

बैठक में सफाई कर्मियों के मानदेय, नियमितीकरण, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्य परिस्थितियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है और इसके प्रभावी संचालन में सफाई कर्मियों की भूमिका अहम है। उन्होंने नगर निकायों में बढ़ते कार्य और क्षेत्रफल के अनुसार सफाई कर्मचारियों के पदों में वृद्धि और मानदेय बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में कहा गया कि जिन सफाई कर्मियों की सेवा अवधि 10 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नियमितीकरण की कार्रवाई नियमानुसार की जाए तथा वरिष्ठता सूची तैयार कर कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सफाई कर्मियों के हित में विभिन्न निर्णय लिए गए हैं और अधिकारियों को इनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य और सामुदायिक भवनों के निर्माण पर भी जोर दिया।

उन्होंने सफाई कर्मियों को समय पर वर्दी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा आयुष्मान और गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मृतक आश्रित नियुक्तियों और एसीपी लाभ से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने को कहा गया। साथ ही नैनीताल क्षेत्र में सफाई कर्मियों के आवास संबंधी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मियों और उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा बिना कारण किसी भी कर्मचारी को सेवा से न हटाया जाए।

बैठक में विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी दिनेश आर्य, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल सहित नगर निकायों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें