जसपुर में पुलिस की कार्रवाई, नहर में पलटी कार से बरामद हुई अवैध खैर लकड़ी

जसपुर/ऊधमसिंह नगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत जसपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नादेही क्षेत्र में एक दुर्घटनाग्रस्त कार से अवैध खैर की लकड़ी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार रविवार को चौकी नादेही प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष देवरानी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूरनपुर गूलरगोजी नहर में एक होंडा सिटी कार पलटी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।

तलाशी के दौरान कार से 46 पीस अवैध खैर की लकड़ियां बरामद हुईं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि वाहन चालक तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके कारण संतुलन बिगड़ने पर कार नहर में जा गिरी। घटना के बाद चालक वाहन और लकड़ियां मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने वाहन और बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर मामले में कोतवाली जसपुर में भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें