सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को मिली अहम सफलता, आरोपी दिल्ली पुलिस को सौंपा गया

रामनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” और सत्यापन अभियान के तहत रामनगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया, जो दिल्ली पुलिस के एक मामले में वांछित बताया गया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को शिवनाथपुर पुरानी बस्ती मालधनचौड़ क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ में उसने पहले अपना नाम शाबाज उर्फ सोनू निवासी पहाड़गंज दिल्ली बताया, जबकि बाद में खुद को नजीमाबाद उत्तर प्रदेश का निवासी बताने लगा।

संदेह होने पर पुलिस टीम उसे पूछताछ के लिए कोतवाली लेकर पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि वह दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र में ड्राई क्लीनिंग का कार्य करता है और कुछ समय पहले दिल्ली के सफदरजंग इलाके में चैन स्नैचिंग की घटना के बाद से वहां की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह रामनगर क्षेत्र में रह रहा था।

थाना सफदरजंग दिल्ली से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट और चैन स्नैचिंग से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। एक प्रकरण में वह वांछित भी चल रहा था।

सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस रामनगर पहुंची और संबंधित व्यक्ति को न्यायालय में प्रस्तुत कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने साथ दिल्ली ले गई।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सत्यापन अभियान के दौरान सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई की। टीम में उपनिरीक्षक गणेश जोशी, कांस्टेबल नवीन पांडे, जसवीर और महबूब शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें