शिकायत से सौदे तक: हर महीने ₹1 लाख की डिमांड! हल्द्वानी में व्यापारी नेता पर ब्लैकमेलिंग गैंग चलाने का आरोप।

हल्द्वानी- हल्द्वानी में कथित व्यापारी नेता से जुड़ा वसूली का मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। सामने आई नई जानकारी के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से अलग-अलग विभागों को निशाना बनाकर दबाव और ब्लैकमेलिंग के जरिए वसूली करता है।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले संबंधित विभाग के अधिकारियों की उनके उच्चाधिकारियों से शिकायत कर उन पर दबाव बनाया जाता है। इसके बाद एक खास न्यूज पोर्टल के माध्यम से अधिकारियों के खिलाफ नकारात्मक खबरें प्रकाशित कर उनकी छवि खराब की जाती है, जिससे वे मानसिक दबाव में आ जाएं। जब स्थिति उनके खिलाफ बनने लगती है, तब उनसे मोटी रकम के साथ-साथ हर महीने तय राशि देने की मांग की जाती है।

सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क ने पहले आबकारी विभाग को निशाना बनाया था। अब एक अन्य विभाग, राज्य कर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी इसी तरह की खबरें चलाकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

इस पूरे मामले में एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसे एक अधिकारी द्वारा साझा किया गया बताया जा रहा है। इस रिकॉर्डिंग में व्यापारी नेता को हर महीने ₹1,00,000 की मांग करते हुए सुना जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि रकम न देने पर लगातार नकारात्मक खबरें प्रकाशित करने और शिकायतें बढ़ाने की धमकी दी जाती है।

सबसे अहम बात यह है कि जिस व्यक्ति पर ये आरोप लग रहे हैं, वह व्यापार मंडल संगठन में प्रदेश स्तर का पदाधिकारी बताया जा रहा है। जिस पद का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना होता है, उसी पद का इस्तेमाल कथित तौर पर दबाव और वसूली के लिए किए जाने के आरोप सवाल खड़े कर रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि जल्द ही आरोपी का नाम और पूरी रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की जा सकती है, जिससे मामला और तूल पकड़ सकता है। जल्दी ही उन समाचार पोर्टल्स के नाम भी उजागर किए जाएंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें