पुलिस परिवार ने कहा अलविदा, सम्मान के साथ विदा हुए तीन कर्मी

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल पुलिस विभाग में कार्यरत दो पुलिस कर्मियों एवं एक अनुचर के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेवाधर मठपाल, एसपी संचार नैनीताल द्वारा की गई।

समारोह में अपर उप निरीक्षक (एएसआई) केदार सिंह, हेड कांस्टेबल अकिल मलिक तथा अनुचर भोलानाथ को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। तीनों कर्मियों ने अपने-अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ विभाग को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं।

अपर उप निरीक्षक (एएसआई) केदार सिंह ने 01 अगस्त 1994 को जनपद अल्मोड़ा में कांस्टेबल पद से अपनी सेवा शुरू की थी और लगभग 31 वर्ष 8 माह से अधिक की लंबी सेवा दी। अपने कार्यकाल में उन्होंने अल्मोड़ा, बरेली एवं नैनीताल जनपदों में सेवाएं देते हुए वीआईपी/वीवीआईपी सुरक्षा, सीजन ड्यूटी एवं निर्वाचन ड्यूटी जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया।

हेड कांस्टेबल अकिल मलिक ने 21 अप्रैल 2002 को जनपद उधमसिंहनगर से सेवा प्रारंभ की और करीब 24 वर्षों तक विभिन्न जनपदों में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने हरिद्वार, सीबीसीआईडी हल्द्वानी और नैनीताल में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।

वहीं अनुचर भोलानाथ ने 25 फरवरी 1998 से जनपद नैनीताल में अपनी सेवाएं देते हुए लगभग 28 वर्षों तक पूरी निष्ठा और लगन से कार्य किया।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए और विभाग के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए भावुक हो उठे। इस अवसर पर एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने कहा कि इन कर्मियों की सेवाएं पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी कार्यशैली आने वाले कर्मचारियों के लिए उदाहरण बनी रहेगी। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ नए जीवन की शुरुआत करने की सलाह दी।

इस अवसर पर डॉ मंजूनाथ टी सी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा भी सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अमित कुमार सैनी, हरकेश सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे, जिससे समारोह और अधिक भावनात्मक बन गया। जनपद नैनीताल पुलिस परिवार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को नमन करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें