भीमताल/नैनीताल – भीमताल क्षेत्र के खुटानी में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शिकार की तलाश में घूम रहा एक तेंदुआ हमले के दौरान खुद ही बाइक में फंस गया। घटना में बाइक सवार दंपती बाल-बाल बच गया। यह मामला क्षेत्र में दहशत और चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर से दर्शन कर लौट रहे एक दंपती की बाइक के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। हमले के प्रयास में हुई टक्कर से दंपती सड़क पर गिर पड़ा, जबकि तेंदुए का पंजा बाइक के पिछले पहिये में बुरी तरह फंस गया। इसके बाद तेंदुआ खुद को छुड़ाने के प्रयास में और अधिक फंसता चला गया।
घटना के बाद दंपती ने किसी तरह पास की दुकान में शरण लेकर अपनी जान बचाई। वहीं तेंदुआ अपनी ही कोशिशों में उलझकर बाइक और पास खड़ी एक कार को भी नुकसान पहुंचाता रहा। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोग इस घटना का वीडियो बनाने में जुटे रहे, इसी बीच तेंदुए ने एक युवक पर झपटने की कोशिश भी की, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई। करीब एक घंटे तक सड़क पर ट्रैफिक बाधित रहा और लोग डरे-सहमे रहे।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रानीबाग से बुलाई गई टीम ने तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज कर सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तेंदुए को सुरक्षित निकाला गया।
इधर, कोटाबाग क्षेत्र में भी गुलदार की दस्तक से दहशत बनी हुई है। ग्राम सभा दोहनिया में गुलदार ने एक घर के पास बंधे गाय के बछड़े पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।











