2027 जनगणना की तैयारी तेज, कुमाऊं में शुरू हुआ सर्वे अभियान

हल्द्वानी – भारत की आगामी जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य कुमाऊं मंडल में प्रारंभ हो गया है। आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने इसकी जानकारी देते हुए मंडलवासियों से इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत संगणक एवं गणना टीम द्वारा घर-घर जाकर भवनों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। यह कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है और प्रत्येक घर से आवश्यक जानकारी ली जाएगी।

आयुक्त ने कहा कि जनगणना के लिए आने वाले कार्मिकों के पास उनका वैध सरकारी पहचान पत्र होगा, जिसे नागरिक सत्यापित कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि गणना टीम को मांगी गई जानकारी सही और समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गणना के दौरान भवनों पर चिन्हांकन (मार्किंग) किया जा सकता है, जिसमें नंबर भी अंकित किए जा सकते हैं। इसे लेकर किसी प्रकार का विरोध न करें, क्योंकि यह प्रक्रिया जनगणना का आवश्यक हिस्सा है।

दीपक रावत ने कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

साथ ही, जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सक्रिय रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है और सभी नागरिकों को इस प्रक्रिया में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें