लूट और हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, लंबे समय बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे

सितारगंज – उत्तराखंड एसटीएफ और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास और लूट के मामले में फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मथुरा रेलवे स्टेशन से देर रात दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों पर एसटीएफ द्वारा लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में कुमाऊं एसटीएफ टीम ने सितारगंज पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इस सफलता को हासिल किया।

गिरफ्तार अभियुक्त चेतन सिंह बिष्ट पुत्र नर सिंह बिष्ट निवासी चांदनी चौक घुड़दौड़ा, कालीनगर, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) का रहने वाला है। वह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नाम व पहचान बदलकर लंबे समय से फरार चल रहा था और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में सितारगंज क्षेत्र में एक परचून की दुकान में आरोपी ने अपने साथियों के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। विरोध करने पर दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि चेतन बिष्ट फरार चल रहा था।

तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने मथुरा रेलवे स्टेशन पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

अभियुक्त के खिलाफ नैनीताल जिले में भी चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में एसटीएफ की टीम के साथ कोतवाली सितारगंज पुलिस की अहम भूमिका रही।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें