ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता, काठगोदाम में पकड़ा गया आरोपी….

नैनीताल – पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 54.80 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान काठगोदाम क्षेत्र में गौलापुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक इज्जतनगर, बरेली से खरीदकर लाया था और इसे आगे बेचने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जनवरी माह से अब तक जिले में नशे के खिलाफ अभियान के तहत 20 मामलों में 25 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार रुपये से अधिक कीमत की स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और युवाओं को इससे दूर रखने में मदद करें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें