सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पुलिस ने दबोचा शातिर चोर….

नैनीताल – पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मुखानी क्षेत्र का है, जहां आदर्श नगर निवासी एक महिला ने घर से तीन गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार 4 मार्च से 11 अप्रैल 2026 के बीच अज्ञात चोर घर की बाउंड्री कूदकर गैलरी में रखे दो भारत गैस और एक इंडियन गैस सिलेंडर चोरी कर ले गया। इस पर थाना मुखानी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। मुखबिर की सूचना पर 17 अप्रैल को पुलिस ने चंबल पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार (26 वर्ष) निवासी दमुवाढूंगा बताया। उसने कबूल किया कि वह पहले शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है और उसी दौरान मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की निशानदेही पर संतोषी माता मंदिर के पास एक बाग से चोरी किए गए दो भारत गैस और एक इंडियन गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम में थाना प्रभारी सुशील जोशी, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य सहित अन्य कर्मी शामिल रहे। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें