हल्द्वानी में नशे के खिलाफ सख्त एक्शन,66 की लाख स्मैक के साथ शातिर तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा

हल्द्वानी – युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक  तस्कर को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है, जो इस कार्रवाई को और भी महत्वपूर्ण बनाती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा 14,520 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) निवासी ग्राम बेड़ा, थाना द्वाराहाट, जिला अल्मोड़ा (वर्तमान पता मंगला कॉलोनी, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रह चुका है।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 1500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि युवाओं को इस घातक लत से बचाया जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें