टैंकरों पर निर्भर हुई आबादी, गर्मी बढ़ते ही बिगड़ी व्यवस्था….

हल्द्वानी – गर्मी बढ़ते ही शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट गहराने लगा है। तीन ट्यूबवेल लंबे समय से खराब पड़े होने के कारण करीब 10 हजार से अधिक आबादी को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रामणी जसवा, छोटी रामणी, खेमपुर कठघरिया, नरीपुर, गुजरौड़ा, मंगल विहार और धुनी नंबर-एक जैसे क्षेत्रों में जलापूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। इन इलाकों में रहने वाले लोग मजबूर होकर पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन पानी की व्यवस्था उसी अनुपात में नहीं हो पा रही। कई दिनों से ट्यूबवेल खराब होने के बावजूद मरम्मत में देरी होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

स्थिति यह है कि लोगों को 500 से 700 रुपये तक खर्च कर टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं। वहीं जल संस्थान की ओर से भी 25 से 30 टैंकरों के जरिए पानी सप्लाई किया जा रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या काफी कम रहती है।

तिकोनिया स्थित ट्यूबवेल खराब होने के कारण टैंकरों को दूर से पानी भरना पड़ रहा है, जिससे सप्लाई प्रभावित हो रही है।

प्रभावित क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि पानी की कमी से दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरेलू कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार ट्यूबवेलों की मरम्मत का कार्य जारी है, हालांकि तकनीकी दिक्कतों के कारण देरी हुई है। जल्द ही व्यवस्था बहाल करने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल, लोगों को उम्मीद है कि जल्द समस्या का समाधान होगा और उन्हें नियमित जलापूर्ति मिल सकेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें