हल्द्वानी – पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर अब रसोई गैस की आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को हल्द्वानी की इंडेन गैस एजेंसी, शीशमहल स्थित गोदाम और शहर की अन्य एजेंसियों पर गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिलिंडर की कमी के कारण कई स्थानों पर लोगों में मारामारी और हंगामे की स्थिति बन गई।
शीशमहल स्थित गोदाम में हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर तैनात करना पड़ा। पुलिस की निगरानी में उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित किए गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम को भी मौके पर पहुंचना पड़ा और व्यवस्था संभालनी पड़ी।
इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल सका और उन्हें मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। गैस की किल्लत के चलते लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है।











