हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात व नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि वह 2 मार्च से 5 मार्च 2026 तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला (अल्मोड़ा) गए हुए थे। 5 मार्च को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गया है।
तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर संख्या 23/26 धारा 305(a)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने चोरी का शीघ्र खुलासा करने के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद 13 मार्च को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए सोने के जेवरात और ₹2250 नगद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद सामान में मटरनुमा व पाइपनुमा मंगलसूत्र, दो पौंची, नथ व बैग टीका, दो जोड़ी झुमके, नगदी और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल है।
एसएसपी नैनीताल ने चोरी के सफल खुलासे पर पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹2000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।











