कपड़े खरीदने गए युवक पर कैंची से हमला, पांच दिन ICU में रहा भर्ती….

हल्द्वानी – बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में कपड़े खरीदने गए एक युवक पर दुकान में ही कैंची से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सीने में चार टांके आए और वह पांच दिन तक आईसीयू में भर्ती रहा। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नई बस्ती, आस्ताना मस्जिद निवासी अनस ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी की रात वह मोहल्ले में ही जावेद की कपड़ों की दुकान पर कपड़े खरीदने गया था। इसी दौरान पुराने लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान जावेद का भाई मुस्तफा और उसकी बहन भी मौके पर पहुंच गए और तीनों ने मिलकर अनस के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच जावेद ने दुकान में रखी कैंची से उसकी छाती पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

शोर-शराबा सुनकर अनस की पत्नी शन्नो भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायल अनस को तुरंत बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसके सीने में चार टांके लगाए गए और हालत गंभीर होने के कारण उसे पांच दिन तक आईसीयू में भर्ती रखना पड़ा।

बनभूलपुरा थाना प्रभारी दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें