हल्द्वानी-काठगोदाम – नगर निगम सभागार में महापौर Gajraj Singh Bisht की अध्यक्षता में यूयूएसडीए द्वारा स्वीकृत सड़क, पेयजल और सीवर पाइपलाइन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी समस्याओं को महापौर के समक्ष रखा। इसके बाद यूयूएसडीए अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि आगामी बरसात से पहले शहर की सभी खुदी हुई सड़कों, पेयजल लाइनों और सीवर से जुड़े कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जहां भी सड़क या पाइपलाइन का कार्य प्रस्तावित हो, वहां दो-तीन दिन पहले ही अनाउंसमेंट कर स्थानीय लोगों को सूचना दी जाए और आवश्यक साइन बोर्ड भी लगाए जाएं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और आम जनता को असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पहले से खुदी सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक नई सड़कों को खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें रखीं। इस पर महापौर ने नगर आयुक्त Paritosh Verma को निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था से जुड़ी सभी कमियों को दूर किया जाए।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल, एई नवल नौटियाल सहित कई पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं यूयूएसडीए की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप कुमार समेत विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।











